टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर इस वक्त एक बड़ी ख़बर आई है कि चुनाव आयोग टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के वोट नहीं डालने से निराश हैं। धोनी बीते 4 साल से आयोग के ब्रैंड ऐंबैसडर हैं। वोट डालने के मामले में धोनी का रिकॉर्ड बेहद खराब ही रहा है। धोनी ने जीवन में एक ही बार वोट डाला है। जून 2012 में उन्होंने झारखंड के हटिया विधानसभा के उपचुनाव में वोट डाला था। आयोग के एक सीनियर अफसर का कहना है कि जिन्हें वोटरों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है, उनसे उम्मीद की जाती है कि वह अपना वोट खुद जरूर डालेंगे। ऐसे में धोनी ने जब रांची में 17 अप्रैल को वोट नहीं डाला तो उन्हें निराशा हुई। अफसर के मुताबिक, पांच साल में होने वाले लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व के लिए वह वक्त निकाल सकते थे। सूत्रों की मानें तो आयोग अब भविष्य में लोकल स्टार्स को तरजीह देगा। ख़बर है कि इस बार चुनाव आयोग बॉलिवुड सुपर स्टार आमिर खान को अपना ब्रैंड ऐंबेस्डर बनाने वाला था, लेकिन आखिरी वक्त में इस प्रस्ताव को रोक दिया गया।