प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (शनिवार) देश के पत्रकारों और मीडिया संस्थान के संपादकों से मुलाकात की। मोदी ने पत्रकारों को आज चाय पर बुलाया था। इस मुलाकात के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, सुषमा स्वराज, राजनाथ सिंह समेत पार्टी के कई नेता भी मौजूद थे। करीब 500 पत्रकारों को बुलाया गया था। मोदी ने मुलाकात से पहले पत्रकारों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने महत्वाकांक्षी ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के प्रति जागरूकता फैलाने में मीडिया के योगदान को स्वीकार करते हुए आज कहा कि वह पत्रकारों से और गहरा, व्यापक और रू-ब-रू संपर्क बनाने की जल्द व्यवस्था करेंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद मीडिया से सीधे पहली बार मुखातिब होते हुए मोदी ने सैकड़ों की तादाद में एकत्र मीडिया जगत के लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि स्वच्छ भारत अभियान को लेकर बड़े पैमाने पर जागरूकता फैला कर मीडिया ने इस पुरानी सोच को बदलने में मदद की है कि हर काम की जिम्मेदारी केवल सरकार की होती है। उन्होंने भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ द्वारा यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित दिवाली मंगल मिलन के अवसर पर यह बात कही। वर्ष 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से पहले यहां भाजपा मुख्यालय में कुछ साल गुजारने वाले मोदी ने उन दिनों को याद करते हुए कहा, मैं भी कभी यहां आपके (पत्रकारों के) इंतजार में कुर्सियां लगाया करता था। कुछ वर्ष पूर्व आप लोगों से बहुत ही गहरा नाता रखता था मैं। वे दिन भी कुछ और थे। खुल कर बातें होतीं थीं, काफी दोस्ताना संबंध रहा आपसे और उसका लाभ मुझे गुजरात में भी मिला। मीडिया से फिर से वैसा नाता बनाने का संकेत देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, मैं भी कुछ रास्ता खोज रहा हूं कि आपसे वो पुराना नाता और अधिक गहरा, और अधिक व्यापक कैसे बने। समय का सदुपयोग कभी कभी आपके साथ भी कैसे हो। इसका रास्ता कुछ दिनों में मिल जाएगा। उन्होंने कहा, ऐसा होने से आपको मीडिया के जरिए से समझने की बजाय रू-ब-रू समझने से ज्यादा फायदा होगा। बहुत सी चीजें जो आप लिख नहीं पाते हैं लेकिन आपसे बातचीत से बहुत सी चीजें निकलती हैं। सिर्फ इन्फर्मेशन नहीं मिलती बल्कि कभी कभार दृष्टि भी मिलती है और यह बहुत मूल्यवान है। प्रधानमंत्री ने कहा, आपने कलम को ही झाडू में कनवर्ट कर दिया, मैं समझता हूं यह बहुत बड़ी सेवा है। केवल पीएम के हाथ में झाड़ू ले लेने से ऐसा नहीं होने वाला था। उन्होंने कहा, आपमें से कई 15-20 साल से कॉलम लिख रहे होंगे लेकिन सफाई पर शायद पहली बार लिखा होगा। 80 प्रतिशत लेखों में सरकार की आलोचना भी हुई कि ऐसा कैसे होगा, इसके लिए व्यवस्था क्या की गई है, कूड़ा कहां डालेंगे। उन्होंने कहा, इस आलोचना के बावजूद जिस बात से (गंदगी) दुनिया भर में देश की छवि को गहरी चोट पंहुचती हो लेकिन मेरे प्रयास और संपर्क नहीं करने के बावजूद सफाई के अभियान में आपने ने जो मदद की है देश का मीडिया भी देश को बदलने में कितनी बड़ी भूमिका निभा सकता है, इसका यह उत्तम उदाहरण है। उन्होंने कहा, देश के मीडिया की इस भूमिका से सरकारों को भी जागना पड़ रहा है। बड़ी बात यह है कि कोई आर्टिकल या इलेक्ट्रानिक मीडिया का कवरेज ऐसा नहीं है जिसने नागरिकों को सीधे प्रेरित करने का प्रयास नहीं किया हो। मोदी ने कहा, वर्ना आज़ादी के बाद माहौल बन गया था कि सब कुछ सरकार करेगी। लेकिन अब माहौल बन रहा है कि हम सब मिल कर करेंगे। इस अवसर पर इससे पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। समारोह संपन्न होने पर मोदी मंच से नीचे उतर कर सभी मीडियाकर्मियों से व्यक्तिगत रूप से मिले। - प्रत्येक पत्रकार और प्रत्येक संपादक से व्यक्तिगत तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात की - हम सब मिलकर देश के लिए काम करेंगे - मीडिया की वजह से सरकारों को जागना पड़ रहा है - देश को बदलने में मीडिया का अहम भूमिका है - मीडिया पैनी नजर से देखता है, पैनी नजर से लिखता है - स्वच्छ भारत मिशन पर लिखने के लिए मीडिया को धन्यवाद - कुछ समय बाद नया रास्ता मिल जाएगा - मैं भी आपलोगों से मिलने का रास्ता खोज रहा हूं - मीडिया से मेरी पुरानी दोस्ती है, मीडिया को दिवाली की शुभकामनाएं - दिपावली मिलन समारोह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे हैं। - भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दिवाली मिलन पर पत्रकारों को संबोधित किया।