भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने आज कांग्रेस और स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) पर एक साथ मिलकर उन्हें सत्ता में आने से रोकने के एक सूत्री कार्यक्रम पर काम करने का आरोप लगाया, साथ ही कहा कि वे भाजपा के पक्ष में तूफान (हरीकेन) के कारण इसमें असफल रहेंगे। मोदी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, सामान्य तौर पर राजनीतिक प्रतिद्वन्द्वी सत्तारूढ दल को हटाने के लिए एक साथ आते हैं लेकिन पहली बार ऐसा हो रहा है कि सत्तारूढ पार्टी और एनजीओ तथा अन्य एक साथ मिलकर एक सूत्री एजेंडे पर काम कर रहे हैं जो सरकार बचाने या सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि मोदी को सत्ता में आने से रोकने के लिए है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके पुत्र एवं पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा नेता ने कहा, मां-बेटे द्वारा संचालित सरकार ने देश को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस चुनाव के बाद समाप्त हो जायेगी। मोदी ने कहा, इस चुनाव में दिल्ली की सरकार नहीं बचेगी, कोई इसे नहीं बचा सकता लेकिन कांग्रेस ने पिछले 10 दिनों में अपनी रणनीति बदल ली है जब उन्हें आभास हुआ कि उनके लिए अपना प्रदर्शन दोहराना संभव नहीं है। अब उन्होंने केंद्र में सत्ता में आने से मोदी को रोकने के लिए बाधाएं खड़ी करने का निर्णय किया है। भाजपा नीत राजग द्वारा अगली सरकार बनाने का विश्वास व्यक्त करते हुए मोदी ने कहा, यहां हरीकेन है :भाजपा के पक्ष में समर्थन का: और कांग्रेस के नेताओं को इसका आभास है कि 16 मई के बाद उन्हें कहां जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा, कांग्रेस के नेता कांप रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस और संप्रग कई राज्यों में अपना खाता भी नहीं खोल पायेगी और कई राज्यों में एकल अंक में रह जायेगी। उन्होंने कहा, कांग्रेस किसी भी राज्य में दोहरे अंक को नहीं छू पायेगी। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार गुरदासपुर संसदीय सीट में सीमा से लगने वाले इस क्षेत्र में भारत विजय रैली को संबोधित कर रहे थे जहां से अभिनय के क्षेत्र से राजनीति में आए विनोद खन्ना चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर 30 अप्रैल को मतदान होगा। खन्ना के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी और निवर्तमान सांसद प्रताप सिंह बाजवा चुनाव लड़ रहे हैं। मोदी ने आरोप लगाया कि भारत के पिछले 60 वर्षो के इतिहास पर नजर डाले तक पायेंगे कि ऐसी खराब और भ्रष्ट सरकार नहीं देखी गई। उन्होंने किसानों को भी अपने साथ लाने का प्रयास किया और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना एवं कृषि उत्पादों का उचित मूल्य देने का वादा किया। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी मौजूद थे।