उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन करीब तय हो गया है। खबरों के मुताबिक, कांग्रेस 105 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हो गई है। बता दें कि शनिवार को दिनभर की ऊहापोह के बाद देर शाम सोनिया गांधी ने अखिलेश को फोन किया था। कहा जा रहा है कि राहुल और प्रियंका गांधी भी कोशिशें करते रहे। पहले कांग्रेस सपा से 110 से 120 सीट मांग रही थी। गठबंधन का एलान आज हो सकता है। अब आगे क्या होगा? - कांग्रेस को 105 सीट देने के बाद सपा खुद 298 सीट पर इलेक्शन लड़ेगी। प्रियंका ने की कोशिशें - कांग्रेस के सीनियर नेता अहमद पटेल ने कहा कि सपा के साथ गठबंधन को लेकर प्रियंका गांधी ने कोशिशें कीं। - उधर, प्रशांत किशोर और अखिलेश के बीच भी मीटिंग होने की भी खबर है। गठबंधन को लेकर क्यों थी तनातनी? 1#. 50 सीटों का वादा कर 100 तक पहुंचे अखिलेश - सूत्रों के मुताबिक, सपा में विवाद के वक्त अखिलेश ने कांग्रेस को 150 सीटें देने का भरोसा दिया था। लेकिन सपा और साइकिल मिलने के बाद मजबूरी का हवाला देकर 121 सीटें ऑफर कीं। - कांग्रेस इस पर राजी हुई तो अखिलेश 100 पर पहुंच गए। अखिलेश ने कहा कि नेताजी के कुछ लोग एडजस्ट करने हैं। - कुछ पुराने और आजम खान जैसे नेताओं से सीटों की मांग आ गई है। ऐसे में वह 100 से ज्यादा सीटें नहीं दे पाएंगे। उधर, कांग्रेस अमेठी और रायबरेली में भी अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। 2#. अपने गढ़ में कांग्रेस चाहती थी सीटें - सोर्सेज की मानें तो कांग्रेस अपना गढ़ रहे अमेठी, रायबरेली और सुल्तानपुर जिलों की 15 सीट मांग रही थी। - 2012 में इन तीन जिलों में 15 सीटों पर 12 पर सपा ने जीत दर्ज की थी और कांग्रेस को 2 सीट और पीस पार्टी को 1 सीट मिली थी। 3#. 5 सीटों का अखिलेश ने और दिया था ऑफर - मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस गठबंधन को बचाने के लिए प्रियंका गांधी ने अपने भरोसेमंद धीरज को 20 जनवरी की देर रात दिल्ली से लखनऊ भेजा था। - धीरज लखनऊ के एक होटल में रुके थे। वह यहां सिर्फ अखिलेश यादव से मिलने आए थे। - सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश ने शनिवार दोपहर धीरज से बात की। इसके बाद दिल्ली में गठबंधन को लेकर राहुल और सोनिया ने यूपी के नेताओं के साथ बैठक की। 4#. सपा ने कहा था- 80 से 85 सीटें देंगे - सपा नेता किरणमय नंदा ने शुक्रवार को दिल्ली में कहा था, "गठबंधन के लिए हम लोग तैयार हैं। जहां पर हम चौथे नंबर पर हैं, वहां कांग्रेस लड़ेगी।" - "हालांकि, अभी तक कांग्रेस की ओर से पॉजिटिव रिस्पॉन्स नहीं मिला है। हमारा नारा नेताजी का नाम, अखिलेश का काम होगा।" - "अमेठी की सीट सपा के ही पास रहेगी। हम कांग्रेस को 84-85 सीट दे सकते हैं।"