अखिलेश यादव ने रविवार को सपा का मैनिफेस्टो जारी किया। उन्होंने बताया कि एक करोड़ लोगों को पेंशन के तौर पर 1000 रुपए और गरीब महिलाओं को प्रेशर कुकर दिया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं को बस किराए में 50% की छूट मिलेगी। कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे। वहीं, आगरा, कानपुर, बनारस और मेरठ में भी मेट्रो लाई जाएंगी। बता दें कि इस प्रोग्राम में मुलायम सिंह और शिवपाल यादव नहीं पहुंचे। ऐसा कहा जा रहा है कि आजम खान मनाने के लिए मुलायम के घर भी गए। लेकिन वे नहीं आए। बाद में अखिलेश को उनकी गैर-मौजूदगी में मैनिफेस्टो जारी करना पड़ा। मैनिफेस्टो की 15 बड़ी बातें.... Advertisement 1. अखिलेश ने बताया कि विकास के साथ लोकतांत्रिक मूल्य मैनिफेस्टो का मुख्य आधार है। 2. समाजवादी लैपटॉप, कन्या विद्या धन, यूपी-100, समाजवादी पेंशन, लोहिया आवास, 108 एम्बुलेंस और एक्सप्रेस वे को मजबूती से चलाया जाएगा। स्टूडेंट्स स्मार्टफोन देने का काम भी समाजवादी लोग करेंगे। स्मार्टफोन के लिए 1 करोड़ 40 लाख रजिस्ट्रेशन किया गया है। 3. समाजवादी किसान कोष बनाया जाएगा, ताकि किसानों की खाद-बीज-सिंचाई की समस्या का समाधान निकल सके। 4. गरीब लोगों को मुफ्त गेहूं-चावल दिया जाएगा। जो लोग बाहर काम करने जाते हैं, उनके लिए भी व्यवस्था होगी। 5. गरीब महिलाएं कम वक्त में खाना बना सकें, उन्हें मुफ्त में प्रेशर कुकर दिया जाएगा। 6. अल्पसंख्यकों के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर बनाए जाएंगे। 7. एक करोड़ लोगों को एक महीने में एक हजार रु. पेंशन दी जाएगी। 8. महिलाओं को बस किराए में 50% की छूट मिलेगी। 9. कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाएंगे। 10. आगरा, कानपुर, बनारस और मेरठ में भी मेट्रो लाई जाएगी। 11. गरीब किसान के जानवर के इलाज के लिए भी एम्बुलेंस शुरू करेंगे। 12. आने वाले समय में यूपी का कोई जिला ऐसा नहीं होगा जहां फोरलेन न हो। 13. मजदूरों को रियायती दर पर मिड-डे मील देंगे। 14. प्राइमरी स्कूल में गरीब बच्चों को एक लीटर घी और एक किलो मिल्क पाउडर दिया जाएगा। 15. ओल्ड एज होम बनाने का काम होगा अखिलेश ने कहा- हमने वो काम भी किया जिसका वादा भी नहीं किया था - अखिलेश ने कहा- "यहां जितने साथी दिखाई दे रहे हैं, एक बात तो साफ हैं कि हम सब आने वाले समय में समाजवादी सरकार बनाना चाहते हैं। मैंने कहा था कि 5 महीने की मेहनत कर लो तो 5 साल की सरकार मिलेगी।" - "पहले चरण के नॉमिनेशन का कल आखिरी दिन है। जो बात घोषणापत्र में नहीं थी, उसको भी सपा ने पूरा करने का काम किया है। हमारी कथनी-करनी में कोई अंतर नहीं है। अभी बहुत काम करना है।" मेट्रो बनाई, एक्सप्रेस बनाया -अखिलेश ने बताया कि- "सपा सरकार ने संतुलित विकास करने का काम किया है। मेट्रो बनाई, एक्सप्रेस वे बनाया। टीवी पर दिखाया जा रहा है कि हम समीकरण बना रहे हैं। ये बताया जा रहा है कि वो आपके शुभचिंतक हैं।" - "उन्होंने अच्छे दिन का नारा दिया। सबका साथ-सबका विकास की बात कही। 3 साल हो गए। जनता विकास ढूंढ रही है। विकास के बहाने कभी झाड़ू पकड़ा दी, कभी योग करा दिया।" हर गांव-गांव में बिजली पहुंचाई - अखिलेश ने दावा किया- "यूपी का कोई जिला नहीं बचा, जहां बड़ा काम नहीं हुआ। कभी बिजली नहीं आती थी। आज गांवों में 16-18 घंटे बिजली है। 108 एंबुलेंस एक फोन पर आती है।" - "उनके पास न तो कोई सवाल है और न जवाब। कोई बात नहीं निकली तो कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।" मायावती पर साधा निशाना - अखिलेश ने कहा- " ये पत्थर वाली सरकार आजकल बहुत टीवी पर आ रही है। सोचो अगर टीवी पत्थर से टकरा गया तो क्या होगा।" - "नोएडा में लखनऊ में जो पत्थर लगे हैं वो याद दिलाते हैं कि मौका मिल गया तो वो कितने बड़े पत्थर लगा सकते हैं।"