पॉप म्यूजिक जगत की सनसनी लेडी गागा ने ऑस्कर पुरस्कारों में जो सफेद रंग का गाउन पहना था, उसे बनाने में 1600 घंटे लगे थे। ‘एप्लॉज’ जैसा हिट गाना देने वाली गागा लॉस एंजिलिस के डॉल्बी थिएटर में रेड कारपेट पर अपने खूबसूरत सफेद परिधान में आईं, जिसमें क्रिस्टल जड़े हुए थे। इस गाउन के साथ गागा ने लाल रंग के दस्ताने पहन रखे थे। गागा ने रविवार शाम को इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने प्रशंसकों को बताया कि इस खूबसूरत परिधान को बनाने में कितना लंबा समय लगा था। अपनी तस्वीर के साथ में गागा ने लिखा, आज की रात को मैं कभी नहीं भूलूंगी। इस शानदार परिधान के लिए तुम्हारा शुक्रिया एजेडाइन अलाइया। पेरिस में इसकी कढ़ाई में 1600 घंटे लगे और 25 लोगों ने इसे पूरा किया। एजेडाइन ने पहले कभी ऑस्कर के लिए परिधान नहीं बनाया है। ऑस्कर पुरस्कारों के चकाचौंध भरे समारोह में गागा ने ‘द साउंड ऑफ म्यूजिक’ पर शानदार प्रस्तुति दी थी।