भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यहां खेले जा रहे दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन का खेल भी आज लगातार बारिश के कारण एक भी गेंद फेंके बिना रद्द करना पड़ा। लगातार बारिश के कारण अधिकारियों ने सुबह जल्द ही दिन का खेल रद्द करने का फैसला कर लिया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर कल दूसरे दिन के खेल के दौरान भी एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी थी। मैच में अब तक सिर्फ पहले दिन 81 ओवर का खेल हो पाया है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 214 रन पर ढेर करने के बाद बिना विकेट खोए 80 रन बना लिए हैं। अगर मौसम ठीक रहा तो कल सुबह सवा नौ बजे मैच शुरू होगा। भारतीय पारी को शिखर धवन (45) और मुरली विजय (28) आगे बढ़ाएंगे।