विंबलडन-2015 में वुमन्स डबल्स चैम्पियन सानिया मिर्जा को इस साल का राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड दिया जाएगा। सानिया के अलावा विकास गौड़ा (डिस्कस थ्रो), टिंटू लुका (800 मीटर), दीपिका पल्लीकल (स्कवैश), देवेंद्र झांझरिया (पैरालिंपिक जेवलिन थ्रो), अभिषेक वर्मा (आर्चरी) और सरदार सिंह (हॉकी) भी इस अवॉर्ड के दावेदार थे। अवॉर्ड 29 अगस्त को हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर दिया जाएगा। 2014 में किसी को नहीं दिया गया था अवॉर्ड पिछले साल यानी 2014 में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान कपिल देव की अगुआई वाले अवॉर्ड सिलेक्शन पैनल ने किसी भी खिलाड़ी को खेल रत्न पाने योग्य नहीं पाया था। 1991 से शुरू हुए खेल रत्न के इतिहास में यह तीसरा मौका था, जब किसी खिलाड़ी को यह अवॉर्ड नहीं दिया गया। माना जाता है कि पिछले साल जीव मिल्खा के नाम पर सबसे अधिक विचार हुआ था, लेकिन पैनल में एक राय नहीं बन सकी थी। सानिया मिर्जा सानिया को 2004 में अर्जुन और 2006 में पद्मश्री अवॉर्ड मिला था। उन्होंने पिछले साल इंचियोन एशियाई खेलों में साकेत मिनेनी के साथ मिक्स्ड डबल्स का गोल्ड और प्रार्थना थोंबरे के साथ वुमन डबल्स का ब्रॉन्ज मेडल जीता था। हैदराबाद की सानिया ने 2014 में यूएस ओपन में ब्राजील के ब्रूनो सोरेस के साथ मिक्स्ड डबल्स का खिताब जीता था।