आईपीएल-11 में सोमवार को यहां एमसीए स्टेडियम में चेन्नई सुपरकिंग्स ने दिल्ली डेयरडेविल्स को 13 रन से हरा दिया। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 211 रन बनाए। दिल्ली डेयरडेविल्स 20 ओवर में 5 विकेट पर 198 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ ही चेन्नई फिर से अंकतालिका में टॉप पर पहुंच गई। उसने अब तक 8 मैच खेले और 6 जीते। वहीं दिल्ली डेयरडेविल्स निचली पायदान पर है। वह 8 में से सिर्फ 2 मैच ही जीत सकी है। अब उसके प्लेऑफ में पहुंचने की बहुत कम ही उम्मीद बची है। चेन्नई के शेन वाटसन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 40 गेंद पर 78 रन बनाए। वे अमित मिश्रा की गेंद पर लियाम प्लंकेट के हाथों कैच आउट हुए। धोनी ने 22 गेंद पर बनाए 51 रन - चेन्नई के लिए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, अंबाती रायुडू और फाफ डु प्लेसिस ने भी शानदार पारी खेली। - धोनी ने 5 छक्के और 2 चौके की मदद से 22 गेंद पर 51 रन बनाकर टीम का स्कोर 211 रन पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। - रायुडू-डु प्लेसिस ने भी अच्छे हाथ दिखाए। रायुडू ने 24 गेंद पर 41 और डु प्लेसिस ने 33 गेंद पर 33 रन बनाए। आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान बने धोनी - धोनी ने आईपीएल में कुल 3356 रन बनाए हैं। किसी भी कप्तान के नाम टूर्नामेंट में इतने रन बनाने का रिकॉर्ड नहीं है। - उनसे पहले यह रिकॉर्ड दिल्ली डेयरडेविल्स के पूर्व कप्तान गौतम गंभीर के नाम था। गंभीर ने आईपीएल में 3,518 रन बनाए हैं, लेकिन अब वे कप्तान नहीं हैं, इसलिए धोनी के नाम यह रिकॉर्ड हो गया। रिषभ और विजय ने आखिरी गेंद तक किया संघर्ष - दिल्ली की शुरुआत खराब रही। पारी की 10वीं गेंद पर ही पृथ्वी 10 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। - पृथ्वी की जगह आए कप्तान श्रेयस अय्यर और कॉलिन मुनरो ने दूसरे विकेट के लिए 36 रन जोड़े। लेकिन केएम आसिफ की एक गेंद को सीमा रेखा के पार भेजने के चक्कर में मुनरो कर्ण शर्मा के हाथों लपके गए। - कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ दिल्ली को जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले श्रेयस का बल्ला आज नहीं चला। दिल्ली के स्कोरकार्ड में जब 64 रन थे, तभी वे अपनी ही कॉल पर रन आउट हो गए। उनकी जगह आए ग्लेन मैक्सवेल भी 6 रन पर पवेलियन लौट गए। - इसके बाद रिषभ पंत और विजय शंकर ने 5वें विकेट के लिए 88 रन जोड़े। दोनों जिस तरह से खेल रहे थे, उससे लग रहा था कि मैच किसी के भी खाते में जा सकता है। हालांकि 18वें ओवर की चौथी गेंद पर लुंगी की गेंद पर रवींद्र जडेजा ने रिषभ का कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। रिषभ ने 45 गेंद पर 79 रन बनाए। - इसके बाद भी विजय शंकर ने आखिरी गेंद तक संघर्ष किया। उन्होंने 19वें ओवर में 3 छक्के मारे। मैच के आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर भी उन्होंने छक्का जड़ा। टीम को जीत के लिए 4 गेंद पर 19 रन चाहिए थे। हालांकि बाद की 4 गेंद पर लुंगी ने विजय और राहुल को सिर्फ 5 रन ही बनान दिए। विजय ने 31 गेंद पर नॉटआउट 54 रन बनाए। पहली गेंद पर ही बोल्ट ने लिया था रिव्यू - इसके पहले श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और धोनी को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया। - टूर्नामेंट का यह 30वां और इस सीजने में दोनों के बीच यह पहला मुकाबला था। - चेन्नई ने इस मैच में दीपक चाहर की जगह लुंगी नगीदी को लिया। उसने सैम बिलिंग्स को भी आराम दिया। वहीं दिल्ली ने कोई बदलाव नहीं किया। - मैच की पहली ही गेंद पर ट्रेंट बोल्ट ने वाटसन के खिलाफ एलबीडब्ल्यू की जोरदार अपील की, लेकिन अंपायर शमसुद्दीन ने उसे नकार दिया। इस पर श्रेयस अय्यर ने रिव्यू ले लिया। लेकिन थर्ड अंपायर ने भी ग्राउंड अंपायर के फैसले को ही सही माना। दोनों ने एकदूसरे के खिलाफ खेले 17 मैच, चेन्नई ने 12 जीते - ओवरऑल आईपीएल की बात करें तो दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ 17 मैच खेले हैं। - इनमें से 5 में दिल्ली डेयरडेविल्स, जबकि 12 में चेन्नई की टीम को जीत मिली। - फिरोजशाह कोटला में हुए 5 में से 4 मैच चेन्नई ने जीते। एमए चिदंबरम स्टेडियम में 7 में से 2 मैच दिल्ली और 5 चेन्नई ने जीते हैं। - दोनों टीमों ने तटस्थ मैदान पर एकदूसरे के खिलाफ 5 मैच खेले। इनमें से दिल्ली ने 2 और चेन्नई ने 3 मुकाबले जीते हैं।