भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने नरेन्द्र मोदी सरकार समेत अन्य भाजपा सरकारों को भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बताते हुए कहा है कि मोदी सरकार कॉरपोरेट घरानों की हितैषी नहीं है। शाह ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे विपक्ष कांग्रेस के दुष्प्रचार के फेर में नहीं आये। भाजपा सरकारों ने कोई ऐसा काम नहीं किया है जिससे कार्यकर्ताओं का सिर नीचे हो। शाह ने आज यहां जनपथ पर पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार और भाजपा की राज्य सरकारों ने भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम किया है। मोदी सरकार ने विकास, मंहगाई पर काबू करने, दुनिया में देश का गौरव बढ़ाने, किसानों की समस्याओं का समाधान और निवेश को बढ़ावा के क्षेत्र में कार्य किये हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को एक साल होने को आया है और कोई एक भी घपला या भ्रष्टाचार बता दे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार और भाजपा सरकारों ने ‘भ्रष्टाचार निर्मूल सरकार’ देने का काम किया है। केन्द्र की भाजपा सरकार कारपोरेट घरानों के हित में काम नहीं कर रही है और यह कारपोरेट घरानों की हितैषी नहीं है। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने कोयला खानों और टू-जी का आवंटन पारदर्शिता से करने के कारण सरकार को कोयले की 220 खानों को नीलामी आवंटन करने से दो लाख करोड़ रुपये और 2जी के आवंटन से एक लाख नौ हजार करोड़ रूपये सरकार को मिले हैं। यही पैसा किसानों और देशवासियों के विकास के काम आयेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार कॉरपोरेट घरानों की हितैषी होती तो यह राशि नहीं मिलती। केन्द्र सरकार आम लोगों, किसानों के लिए विकास के लिए काम कर रही है।