नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यहां चुनावी रैली को संबोधित किया। पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा में आयोजित रैली में मोदी ने केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर अप्रत्यक्ष तौर पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि जनता एक बार गलती कर सकती है, बार-बार नहीं। उन्होंने कहा, ''जिन लोगों ने दिल्ली को बर्बाद किया, उन्हें जनता ने लोकसभा चुनाव में माफ नहीं किया। जो लोग बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, उनका ट्रैक रिकॉर्ड देखें। ये लोग ऐसे हैं, जिन्होंने जमानत जब्त कराने में वर्ल्ड रिकाॅर्ड बना रखा है।'' मोदी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि दिल्ली को बर्बाद करने वालों को इस बार के चुनाव में भी जनता माफ नहीं करेगी। मोदी ने कहा, ''जैसे पिछली बार जनता ने भाजपा पर विश्वास किया, लेकिन पूर्ण बहुमत नहीं मिला, ऐसे में भाजपा भी साैदेबाजी कर कुर्सी का खेल-खेल सकती थी। पर हमने ऐसा नहीं किया। ये जो कुछ सीटों की कमी रह गई, उसकी कसक दिल्ली के दिल में रह गई और लोकसभा चुनाव में जनता ने इस कसक को समाप्त कर दिया और केंद्र में सरकार बनवाई। मुझे विश्वास है कि अब जनता दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने का मौका देगी। दिल्ली को स्थिर सरकार चलाने वाले लोग चाहिए। दिल्ली के इतिहास और भूगोल से जुड़ी, अच्छे प्रशासन का अनुभव रखने वाली,मजबूत इरादे और कंधे वाली किरण बेदी दिल्ली को शीर्ष पर ले जाएंगी, इसका मुझे पूरा विश्वास है।'' उन्होंने केंद्र और हरियाणा में कांग्रेस की सरकार रहते हुए भी यमुना में पानी को तरसती दिल्ली के मुद्दे को भी उठाया और अपनी सरकार द्वारा इस संदर्भ में उठाए गए कदमों को भी इंगित किया। हजारों करोड़ों की चोरी पर ताला लगाया: मोदी मोदी ने कहा, ''मैंने हजारों करोड़ रुपए की चोरी पर ताला लगाया। तीन महीने में नौ करोड़ परिवारों का बैंक में खाता खुलवाया। 60 करोड़ परिवार आर्थिक ढ़ांचे से बाहर थे। यह सरकार गरीबों को समर्पित है। इसलिए हमने सरकार में आते ही निर्णय लिया है कि जब तक गरीब तबके का विकास नहीं होगा, देश का विकास नहीं करेगा। हमने गरीबों का बैंक खाता खोलने के साथ-साथ एक लाख रुपए का बीमा भी दिया। उन्होंने वर्ष 2022 तक गरीबों को उसकी झुग्गी–झोपड़ी की जगह उसी स्थान पर पक्का मकान देने का वादा दोहराया। उन्होंने यमुना की दुर्दशा पर कहा कि मैंने यमुना की हालत को बदलने का संकल्प लिया है। इसके लिए मुझे आपका आशीर्वाद चाहिए। एक तरफ गरीब के कल्याण को प्राथमिकता देनी है, तो दूसरी तरफ युवाओं को रोजगार देना है। युवा शक्ति पर भरोसा करते हुए उसके जीवन की तकदीर बदलना चाहते हैं। इसके लिए हमने 'मेक इन इंडिया' का अभियान चलाया है। ओबामा का भी किया जिक्र उन्होंने कहा कि अगर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के दौरे में थोड़ी-सी भी विफलता रही होती, तो विरोधी हमें घेर लेते। भारत आज विश्व के सामने एक ताकत बनकर उभरा है। आज दुनिया भर में हिंदुस्तान की जय-जयकार हो रही है। इसकी वजह उन्होंने ‘खुद’ को न बताते हुए ‘जनता’ को बताया। पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार की वजह से दुनिया का कोई भी बड़ा नेता जब भी मोदी की आंख से आंख मिलाता है तो उसे ‘सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानी’ दिखते हैं। उन्होंने दिल्लीवालों से कहा कि एक साल के बुरे दिन अब गए। अब दिल्ली में किरण बेदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार दीजिए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि जैसा आपने सपने में भी नहीं सोचा होगा, वैसी ईमानदार सरकार आपको मिलेगी। उन्होंने लोगों से मतदान करने और भाजपा को जिताने की अपील भी की