श्रीनगर: कश्मीर डिवीजन में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रात का तापमान लगातार हिमांक से नीचे बना हुआ है। लेह में तापमान गिरकर शून्य से 13 डिग्री सेल्सियस नीचे पर आ गया है। मौसम विभाग ने बताया कि कारगिल में भी तापमान घटकर शून्य से 12.8 डिग्री सेल्सियस नीचे हो गया है। यहां लेह के बाद सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि पिछली रात के मुकाबले लेह के न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस जबकि कारगिल के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। इसी तरह, कश्मीर के अन्य हिस्सों में भी रात का तापमान काफी कम हो गया है। श्रीनगर में तापमान गिरकर शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। दक्षिण कश्मीर में स्थित प्रसिद्व पहलगाम हिल रिजोर्ट का तापमान घटकर शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। उत्तरी कश्मीर के मशहूर स्की रिजार्ट गुलमर्ग में तापमान गिरकर शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। सर्दियों में यहां बड़ी संख्या में पर्यटक सैर सपाटे के लिए आते हैं। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।