आरएलडी चीफ अजित चौधरी के घर पानी काटने को लेकर बढ़े मामले ने गुरुवार को गाजियाबाद में उग्र रूप धारण कर लिया। दिल्ली-मेरठ रोड पर जाम लगा रहे भारतीय किसान यूनियन के समर्थकों पर पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया, जिसमें कईयों को गंभीर चोटें आई। दरअसल पुलिस ने मोदी नगर के विधायक सुदेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद भारतीय किसान यूनियन के समर्थक उग्र हो गए। विधायक की गिरफ्तारी के बाद भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। जवाब में पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी, जिसमें विधायक समेत 50 से भी अधिक लोग घायल हो गए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने रबर की गोलियां चलाई, आंसू गैस के गोले छोड़े। पानी की बौछारें भी छोड़ी गई। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए डीआइजी ने भी मोर्चा संभाल लिया। फिलहाल प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर सुलह की कोशिश की जा रही है। गौरतलब है कि बीकेयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने दिल्ली में आरएलडी मुखिया चौधरी अजित सिंह की कोठी का बिजली-पानी कनेक्शन काटने के विरोध में 18 सितंबर को मुरादनगर गंग नहर से दिल्ली को गंगाजल की आपूर्ति बाधित करने की घोषणा की थी। इस पर जिला प्रशासन ने कहा था कि रालोद को किसी भी सूरत में दिल्ली को गंगाजल की आपूर्ति बाधित नहीं करने दिया जाएगा। मुरादनगर गंगनहर से दिल्ली को होने वाली गंगाजल की आपूर्ति से दिल्ली की 40 फीसद आबादी की प्यास बुझती है। उत्तर प्रदेश जल निगम के अधिशासी अभियंता आरके गुप्ता ने बताया कि मुरादनगर गंगनहर से दिल्ली की भागीरथी ट्रीटमेंट प्लांट को 200 और सोनिया विहार को 270 क्यूसेक गंगाजल की आपूर्ति की जाती है। यदि पानी रोका जाता है तो करीब छह घंटे बाद दिल्ली में पेयजल आपूर्ति बाधित हो जाएगी। ऐसे में प्रशासन भी बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने और विरोध प्रदर्शन को शांत करवाने की जुगत में लगी हुई है।