जापान में नरेंद्र मोदी का एक और टैलेंट सामने आया है। मोदी ने अपनी जापान यात्रा के चौथे दिन टोक्यो में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस के कार्यक्रम में ड्रम बजाकर लोगों को हैरान कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जापान दौरे का मंगलवार को चौथा दिन है। इस दौरान टोक्यो में आज एक खास नज़ारा देखने को मिला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिल्कुल अलग अंदाज में नज़र आए। मोदी टोक्यो में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस के कार्यक्रम में शरीक हुए। टेक्नोलॉजी एंड कल्चरल एकेडमी के उद्घाटन समारोह के मौके पर पीएम मोदी ने ड्रम बजाकर सबका ध्यान खींचा। दरअसल, मोदी को जापानी परंपरा के अनुसार टीसीएस सांस्कृतिक अकादमी के प्रतिनिधिमंडल को रवाना करने की रस्म की शुरुआत ढोल बजाकर करना था। वो कुछ देर तक दो स्थानीय कलाकारों को ढोल बजाते देखते रहे। उसके बाद उन्होंने एक कलाकार का ढोल बजाना शुरू कर दिया। मोदी के इस अनोखे अंदाज को देखकर लोग तालियां बजाने से अपने आप को रोक नहीं पाए। मोदी ने करीब एक मिनट तक ढोल बजाया।