टोक्यो में जारी शिखर वार्ता में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बताया कि जापान अगले पांच वर्षों में भारत में 2 लाख 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा, जिनमें पब्लिक और प्राइवेट निवेश करना शामिल है। साथ ही दोनों देशों ने अपने संबंध को स्पेशल स्ट्रेटजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप का दर्जा देने पर भी सहमति जताई है। दोनों देशों के बीच हुए 5 प्रमुख समझौतों में बुलेट ट्रेन प्रमुख हैं, जिसके लिए जापान भारत की तकनीकी सहयोग प्रदान करेगी। इसके अलावा जापान भारत की सांस्कृतिक राजधानी काशी के विकास मे सहयोग करेगा। शिखर वार्ता के बाद साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने कहा कि जापान के पीएम शिंजो आबे ने भारत में 2 लाख 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश का वादा किया है। पीएम मोदी ने कहा कि अच्छे संबंधों को लेकर दोनों देश काफी गंभीर है। साथ ही जापान ने भारत की पवित्र गंगा नदीं की सफाई अभियान में भी मदद का आश्वासन दिया है। नरेन्द्र मोदी की पांच दिवसीय यात्रा का आज तीसरा दिन था।