गैंगरेप की एक और वारदात ने दिल्ली को दागदार किया है। उत्तम नगर इलाके में एक नाबालिग लड़की ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। 10वीं क्लास में पढ़ने वाली इस लड़की का आरोप है कि पांच लोगों ने उससे पिस्तौल की नोक पर दुष्कर्म को अंजाम दिया। पीडि़ता के मुताबिक, दुष्कर्म का एमएमएस भी बनाया गया। हालांकि गैंगरेप की यह घटना एक हफ्ते पहले की है, लड़की ने डर की वजह से पहले शिकायत दर्ज नहीं करवाई। लेकिन शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से 2 आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, उत्तम नगर में एक सप्ताह पहले पांच लोगों ने नाबालिग लड़की से गैंगरेप किया था। इस दौरान आरोपियों ने उसका एमएमएस भी बना लिया था। इस घटना का खुलासा मंगलवार को हुआ है। घटना के वक्त एक आरोपी ने खुद को पुलिसवाला बताया था। हालांकि अभी पुलिस को इस मामले में दो आरोपियों की तलाश है, उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।