बिहार, केरल और असम में भारी बारिश-बाढ़ के चलते स्थिति गंभीर बनी हुई है। तीनों राज्यों में अगल-अलग घटनाओं में शनिवार तक 159 लोगों की मौत हुई। बाढ़ से असम और बिहार में करीब 1.2 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं। अकेले बिहार में 66 लाख से अधिक आबादी मुश्किल में है। यहां एनडीआरएफ की 19 टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार में 19 लोगों की मौत हो गई, मरने वालों की संख्या बढ़कर 97 तक पहुंच गई है। मधुबनी में मृतकों की संख्या 18 और दरभंगा में 10 हो गई। सीतामढ़ी बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है जहां पर मरनेवालों की संख्या 27 पहुंच गई। उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने शनिवार को सीतामढ़ी का दौरा कर राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया। राज्य के 12 जिलों में बाढ़ का असर है। एक अधिकारी ने बताया कि नदियों के जलस्तर में कमी आई है, लेकिन बागमती, बूढ़ी गंडक, कमला बलान, अधवारा और महानंदा नदी कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम में मृतकों की संख्या 59 हुई असम में बारिश और बाढ़ की घटनाओं में शनिवार तक मरनेवालों की संख्या 59 हो गई। राज्य के 33 में से 24 जिले बाढ़ में डूबे हुए हैं। यहां 3700 से ज्यादा गांव बाढ़ के पानी से घिरे हैं। राज्य में करीब 48 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। भारतीय सेना राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में जुटी है। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान 11 लोगों की मौत हुई। केरल में भारी बारिश से तीन मरे केरल में भारी बारिश और बाढ़ में तीन लोगों की जान गई, जबकि आठ लापता हैं। राज्य के चार बांधों में जलस्तर बढ़ने पर उनके गेट खोल दिए गए। पिछले चार दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कन्नूर, पथनमथिट्टा और कोल्लम जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। पांच जिलों ईडुक्की, मलाप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर में रेड अलर्ट है।