नरेंद्र मोदी भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, आईएआरआई पूसा परिसर के 'कृषि उन्नति मेला' में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जब लक्ष्य निर्धारित हो तो कुछ भी काम मुश्किल नहीं है। किसान भाइयों ने रिकॉर्ड अनाज उत्पादन कर इसे साबित कर दिया है। पर मेरी उनसे अपील है कि वो खेतों में पराली न जलाएं। इससे धरती मां का नुकसान होता है। बता दें कि तीन दिन चलने वाला कृषि मेला शुक्रवार को शुरू हुआ। 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करना इसकी थीम है। खेती की नई टेक्नोलॉजी के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए यहां 800 से ज्यादा स्टॉल लगे हैं। 1)किसानों ने जरूरत के वक्त अनाज पैदा किया - पीएम मोदी ने कहा, ''हमें याद रखें कि आजादी के बाद जब देश को जरूरत थी तो किसानों ने बेहतर अनाज उत्पादन किया। आज भी रिकॉर्ड पैदावार हो रहा है। आज किसानों के सामने चुनौतियां है, लेकिन हम उनकी आय दोगुनी करने और जीवन सरल बनाने की ओर बढ़ रहे हैं।'' - ''यूरिया की नीम कोटिंग से अनाज उत्पादन बढ़ा है। फसल बीमा में प्रति किसान मिलने वाली राशि दोगुना से ज्यादा की गई है। सालों से बंद पड़ीं सिंचाई योजनाओं को 180 करोड़ के फंड का इस्तेमाल कर आगे बढ़ाया जा रहा है।'' - ''सरकार टीओपी (टोमैटो-ओनियन-पोटैटो) उगाने के लिए किसानों की भरपूर मदद कर रही है। इस बार के बजट में किसानों को फसल की लागत का डेढ़ गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिलाना तय किया गया है।'' 2) कुछ लोग किसानों को गुमराह कर रहे हैं - ''मैं किसानों को बताना चाहता हूं कि आज कुछ उन्हें गुमराह करने के लिए कई तरह के भ्रम फैला रहे हैं। इसीलिए बता रहा हूं कि अब किसानों को मिलने वाली एमएसपी में उनकी और मजदूरों की मेहनत भी शामिल है।'' - ''सरकार की कोशिश है कि किसानों को फसल बेचने के लिए दूर-दूर ना जाना पड़े। इस बजट में गांवों के हाट को टेक्नोलॉजी से जोड़ने का प्रावधान है। किसान इन हाटों में भी फसल को सीधे बेंच सकता है। वो छोटे-छोटे संगठन बनाकर भी हाटों और अनाज मंडियों से जुड़ सकते हैं।'' 3) हम ऑर्गेनिक फॉर्मिंग की मार्केटिंग में पीछे - ''हम ऑर्गेनिक फॉर्मिंग के दौर में इसकी मार्केटिंग में पीछे रह गए। अब खास तौर से नॉर्थ-ईस्ट को ऑर्गेनिक खेती के लिए विकसित किया जा रहा है। आज हमें ब्लू रेवोल्यूशन, व्हाइट रेवोल्यूशन समेत अन्य क्षेत्रों को भी बढ़ाना होगा। इसके लिए हमने 25 नए कृषि विज्ञान केंद्र शुरू किए हैं। पुराने केंद्रों को भी मॉडर्न बनाया जा रहा है।'' - ''मधुमक्खी पालन कृषि का अहम हिस्सा हो सकता है। महान वैज्ञानिक आइंसटीन ने कहा कि अगर धरती से मधुमक्खियां खत्म हो गईं तो दुनिया नहीं रहेगी। खेती के साथ मधुमक्खी पालकर किसान दो से ढाई लाख की अतिरिक्त आय बढ़ा सकते हैं। मक्खियां फसलों के उत्पादन को बढ़ाने में भी मदद करती हैं।'' 4) पराली जलाकर धरती मां का नुकसान न करें - ''आय बढ़ाने के लिए किसान खेतों की मेढ़ पर सोलर पैनल लगाकर पंप चलाने के लिए बिजली पैदा कर सकते हैं। अगर जरूरत से ज्यादा बिजली पैदा हो जाए तो इसे सरकार को भी बेचा जा सकता है। बॉयो वेस्ट के सही इस्तेमाल के लिए सरकार ने गोबरधन योजना शुरू की है। किसान बॉयोगैस प्लांट बनवाएं और इससे ईंधन का उत्पादन करें।'' - ''देश में आज एक गलत परंपरा शुरू हो गई है, पराली जलाने की। साथियों हम धरती मां को परेशान कर रहे हैं। जब हम इसे जलाते हैं तो वो धरती की पैदावर क्षमता खत्म होने लगती है। अगर हम पराली को खेत में मिला दें तो धरती की पैदावर क्षमता बढ़ेगी। किसान भाइयों से अपील करता हूं कि वो पराली जलाकर धरती मां को नुकसान नहीं करें।'' 5) इंसाल के अलावा चीटियां भी करती हैं खेती - ''इस कृषि मेला में किसान भाइयों ने जो भी नई टेक्नोलॉजी देखी है, उसे खेती में अपनाने की कोशिश करें। मैं चाहता हूं कि ऐसे मेलों को देश के दूर-दराज के इलाकों में भी कराना चाहिए। इस बात की स्टडी होनी चाहिए कि किसानों पर मेले का कितना असर हुआ। उन्हें क्या फायदा मिला? क्या नई टेक्नोलॉजी देखने को मिली, कैसे उनका जीवन सरल होगा?'' - ''दोस्तों मैंने कहीं पढ़ा है कि इंसान के अलावा चीटियां भी खेती करती हैं। दुनिया के कुछ जंगलों में वो खेत बनाती हैं, पानी की व्यवस्था करती हैं। फंगस और एंटीबायोटिक पैदा करती हैं। सालों से इसी काम में लगी हुई हैं।''