लोकसभा चुनाव के एक और महत्वपूर्ण चरण में कल 117 सीटों पर मतदान होगा जिनसे कांगे्रस और भाजपा के साथ अन्नाद्रमुक, द्रमुक, राकांपा और शिवसेना का भाग्य तय होगा। नौ चरणों में हो रहे लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में 18 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। कुल 2076 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन 117 सीटों में से फिलहाल कांग्रेस के पास 37 तो भाजपा के खाते में 24 सीटें हैं। तमिलनाडु में इस बात का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा कि छह दलों के साथ गठबंधन बनाने वाली भाजपा राज्य में द्रमुक और अन्नाद्रमुक के किलों को भेद पाएगी या नहीं। राज्य की सभी 39 लोकसभा सीटों और पुडुचेरी की इकलौती सीट पर कल एक साथ मतदान होगा। राज्य में द्रमुक के खाते में 18 और अन्नाद्रमुक के पास 8 सीटें हैं। तमिलनाडु में मुख्य उम्मीदवारों में पूर्व मंत्री दयानिधि मारन, पूर्व संचार मंत्री ए राजा, द्रमुक नेता टीआर बालू, वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बेटे कार्ति, द्रमुक नेता वाइको और केंद्रीय मंत्री वी नारायणसामी हैं। महाराष्ट्र में भी कल प्रतिष्ठा की लड़ाई होगी जहां मुंबई की छह सीटों समेत 19 सीटों पर मतदान होगा। इन सभी सीटों पर कांग्रेस और उसकी सहयोगी राकांपा का कब्जा है। राज्य के महत्वपूर्ण उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा, प्रिया दत्त, गुरूदास कामत, आप प्रत्याशी मेधा पाटकर और मीरा सान्याल शामिल हैं।