यहां के यमुना एक्सप्रेस वे पर परिवार के साथ बुलंदशहर जा रही एक फैमिली के साथ बदमाशों ने लूटपाट की। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने महिलाओं के साथ रेप किया। जब इसका परिवार के एक मेंबर ने विरोध किया तो उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। कार से बुलंदशहर जा रही थी फैमिली... - मामला गौतमबुद्धनगर जिले के जेवर इलाके का है। बुधवार की रात सलीम कुरैशी नामक शख्स कार से फैमिली के साथ अपनी बहन की तबीयत का हाल जानने बुलंदशहर हॉस्पिटल जा रहे थे। - जेवर से 2 किमी आगे पहुंचते ही करीब 5 बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया। आरोपियों ने पहले कार के टायरों में गोली मारी, जिससे कार पंक्चर हो गई। - सलीम के साथ कार में 4 महिलाएं थीं। महिलाओं का आरोप है कि बदमाशों ने बंदूक की नोंक पर उनके साथ रेप किया। जब सलीम ने इसका विरोध किया तो पहले उनके साथ मारपीट की गई। फिर उनके सीने में गोली मार दी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। - इसके बाद बदमाश महिलाओं के गहने, पर्स और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। क्या कहना है पुलिस का? - जेवर थाना इंचार्ज राजपाल तोमर ने बताया, ''बॉडी काे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। महिलाएं रेप का आरोप लगा रही हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने मामले की लिखित शिकायत नहीं दी है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के मुताबिक ही महिलाओं का मेडिकल कराया जाएगा।'' पिछले साल बुलंदशहर हाईवे पर हुई थी ऐसी घटना - बता दें, पिछले साल जुलाई महीने में एनएच-91 पर दरिंदों ने गाड़ी रोककर 35 साल की मां और उसकी 14 साल की नाबालिग बेटी से गैंगरेप किया था। महिला का परिवार रिश्तेदार की तेरहवीं के लिए शाहजहांपुर से नोएडा जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने उनकी कार रोककर परिवार के लोगों को बंधक बना लिया था। इसके बाद बदमाशों ने मां-बेटी के साथ गैंगरेप किया था। गैंगरेप में उत्तर प्रदेश पहले नंबर पर - NCRB (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) की रिपोर्ट के मुताबिक, गैंगरेप के मामले उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा हैं। यहां 2014 में सबसे ज्यादा 762 गैंगरेप हुए थे। - वहीं, रेप के मामले में उत्तर प्रदेश देश में तीसरे नंबर पर है। 2014 में यहां रेप के 3467 केस सामने आए थे। - 2014 में देश में रेप के 36735 केस सामने आए थे। इनमें मध्य प्रदेश पहले (5076 केस) और राजस्थान (3759 केस) दूसरे नंबर पर है।