जगदीशपुर के सपा ब्लॉक प्रमुख के पति पर शुक्रवार को जानलेवा हमला हुआ। बाइक सवार हमलावरों ने ब्लॉक प्रमुख अंजलि सिंह के पति विक्रम सिंह की गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसमें उन्हें चार गोलियां लगीं। वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि उनके ड्राइवर और गनर सहित पांच अन्य लोग भी घायल हुए हैं। आनन-फानन में उन्हें केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी हालत बेहद नाजुक है। इस घटना के बाद से इलाके में काफी तनाव भी है। जानकारी के अनुसार, ब्लॉक प्रमुख पर हमला मोहम्मद नईम नाम के व्यक्ति ने किया है। वह जगदीशपुर से कांग्रेस का ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी है। आने वाले समय में ब्लॉक प्रमुख के लिए चुनाव होने वाले हैं। बताया जाता है कि इसी के मद्देनजर ये हमला करवाया गया है। इस हमले में पांच अन्य लोगों को गोली लगी है। इनमें से दो का इलाज रायबरेली के जिला अस्पताल में चल रहा है। बाकी तीन लोगों को केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में एडमिट कराया गया है। राजेश विक्रम सिंह की पत्नी अंजलि सिंह वर्तमान में जगदीशपुर की ब्लॉक प्रमुख हैं और वह उनके प्रतिनिधि हैं। शुक्रवार की सुबह करीब 11:30 बजे वह कुछ लोगों के साथ जगदीशपुर जा रहे थे। इसी दौरान मिस्रोली मोड़ के पास दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें राजेश विक्रम सिंह को चार गोलियां लगीं। इसके अलावा उनके ड्राइवर और दो गनर सहित पांच लोगों को भी गोली लगी है। बताया जा रहा है कि राजेश विक्रम के पक्ष से भी लोगों ने हमलावरों पर फायरिंग की। राजेश और अन्य तीन लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हमले की खबर से जगदीशपुर में तनाव का माहौल है। ऐसे में पुलिस हर छोटी-बड़ी घटना पर नजर रखे हुए हैं।