अलीगढ़ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी जे. बी. सिंह को मध्यान भोजन :मिड-डे मील: योजना के धन में गबन करने के मामले में आज उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सिंह को पड़ोस के मैनपुरी जिले में वर्ष 2008 से 2010 के बीच मध्यान भोजन योजना में हुए 19 करोड़ रुपये के घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया गया है। साल 2008 से 2010 के बीच सिंह मैनपुरी के मुख्य विकास अधिकारी थे। यह गिरफ्तारी अप्रैल 2011 में मैनपुरी में दर्ज मुकदमे में की गयी है जिसमें सिंह तथा हाल में गिरफ्तार किये गये मैनपुरी के तत्कालीन जिलाधिकारी एस. एन. दुबे समेत 10 वरिष्ठ अधिकारियों को अभियुक्त बनाया गया था। क्वारसी के थाना प्रभारी एस. के. द्विवेदी के मुताबिक सीबीआई की निरीक्षक अर्चना सिंह तथा क्वारसी पुलिस ने एडीए उपाध्यक्ष के घर पहुंचकर उनके खिलाफ जारी गैर जमानती वारंट दिखाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। द्विवेदी ने बताया कि सिंह को गाजियाबाद की सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा।