इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने भारतीय महिला को स्वदेश लौटने की इजाजत दी थी। आदेश के बाद महिला गुरुवार सुबह अटारी बार्डर पर पहुंची। उज्मा नाम की इस भारतीय महिला ने पाकिस्तानी व्यक्ति पर बंदूक के बल पर शादी करवाने का आरोप लगाया था। वह आरोप लगाने के बाद से पाकिस्तान में भारतीय मिशन में रह रही थी। कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया था कि महिला को वाघा सीमा तक सुरक्षित छोड़कर आए। कोर्ट के आदेश के बाद महिला गुरुवार सुबह भारत लौट आई। नई दिल्ली की रहने वाली उज्मा इसी महीने पाकिस्तान गई थीं। उसका कहना है कि वह ताहिर अली नाम के पाकिस्तानी से मलेशिया में मिली थी और उसे प्यार हो गया था। 3 मई को ताहिर ने जबरदस्ती उससे शादी की। 12 मई को उज्मा ने पाकिस्तान में याचिका लगाई की वह भारत लौटना चाहती है। उसका कहना है कि भारत में उसकी पहली शादी से एक बेटी है। ताहिर अली ने याचिका लगाई थी उसे पत्नी से मिलने दिया जाए। हालांकि, उज्मा ने मिलने से इनकार कर दिया।