बॉलीवुड के फेमस सिंगर मीका सिंह को एक डॉक्टर को पीटने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। मामला इसी साल अप्रैल का है। तब मीका ने लाइव इवेंट के दौरान एक डॉक्टर को मंच पर बुलाकर थप्पड़ मार दिया था। सूत्रों की मानें तो इस मामले में डॉक्टर की शिकायत के बाद मीका को कई बार थाने में पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया। गुरुवार को जब वे इन्द्रपुरी थाने पहुंचे तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, बताया जा रहा है कि शाम तक उन्हें रिहा किया जा सकता है। क्या है मामला 11 अप्रैल को नई दिल्ली में मीका एक शो करने गए थे। कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली आफ्थैल्मालॉजी सोसाइटी की ओर से किया गया था। इस आयोजन में कई डॉक्टर्स जुटे थे। इस दौरान मीका ने दिल्ली और यहां के डॉक्टर्स की तारीफ की। इसके बाद उन्होंने सभी पुरुषों को स्टेज के दाएं और बाएं, जबकि महिलाओं को बीच में इकट्ठे होने के लिए कहा। शो जब खत्म होने वाला था तो अचानक से म्यूजिक रोक दिया गया। मीका ने अपने बाउंसरों को कहा कि भीड़ में मौजूद एक डॉक्टर को स्टेज पर लाएं। आरोप है कि डॉक्टर मना करने के बावजूद फीमेल क्राउड के साथ आकर नाच रहा था। एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि डॉक्टर अपनी मिडिल फिंगर दिखाकर अश्लील इशारा कर रहा था, जिससे मीका नाराज हो गए। वीडियो में मीका थप्पड़ मारते दिखते हैं और कहते हैं, ''अपनी मां बहन के साथ ऐसा ही करेगा तू?'' इसके बाद मीका ने उस डॉक्टर को बाउंसरों की मदद से बाहर निकलवा दिया।