मुंबई : बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता-फिल्मकार शशि कपूर ने आज प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार ग्रहण किया। यहां ऐतिहासिक पृथ्वी थिएटर में केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अरुण जेटली ने उन्हें इस सम्मान से नवाजा। वरिष्ठ कलाकार दिवंगत राजकपूर और शम्मी कपूर के छोटे भाई शशि अपनी बीमारी के वजह से तीन मई को हुए पुरस्कार वितरण समारोह में दिल्ली नहीं आ सके थे। इसलिए आज जेटली ने मुंबई जाकर उन्हें यह पुरस्कार दिया। कपूर को सम्मान दिए जाने के बाद जेटली ने कहा, यह एक महत्वपूर्ण पल है जब हमारे एक वरिष्ठ अभिनेता को इस पुरस्कार से नवाजा जा रहा है। यह शशि कपूर को दिया जा रहा है। वह निश्चित रूप से भारतीय सिनेमा का एक ऐसा बहुआयामी व्यक्तित्व हैं जो कभी कभी जन्म लेता है। एक अभिनेता के साथ साथ वे एक अच्छे निर्माता और निर्देशक भी हैं। हम उन्हें यहां उनके द्वारा स्थापित संस्थान में सम्मानित कर रहे हैं। शशि (77), कपूर परिवार के तीसरे सदस्य हैं जिन्हें सरकार की ओर से इस पुरस्कार से नवाजा गया है। इससे पहले उनके पिता पृथ्वीराज कपूर और बड़े भाई राज कपूर को इस सम्मान से नवाजा जा चुका है।