मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ. मधु चोपड़ा की वर्सोवा इलाके में मौजूद कमर्शियल फ्लैट में सेक्स रैकेट चल रहा था। उन्होंने इसे 'करिश्मा स्पा' को किराए पर दिया हुआ है। इसी प्रॉपर्टी के आगे उनका क्लिनिक भी है। इसी महीने पुलिस ने मुंबई के वर्सोवा इलाके में एक सेक्स रैकेट को पकड़ा था। 7 नवंबर को पुलिस को जानकारी मिली थी कि वर्सोवा इलाके की वास्तु प्रेसिनेट बिल्डिंग में करिश्मा स्पा और ब्यूटी सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट चल रहा है। पुलिस ने बिल्डिंग रेड डाली और स्पा के मैनेजर चंद्रकांत को गिरफ्तार कर तीन युवतियों को चंगुल से छुड़ाया। हालांकि, स्पा प्रमोटर माणिक सोनी अब भी फरार है। पुलिस ने स्पा से छुड़ाई गईं युवतियों को पुनर्वास केंद्र भेज दिया है। साथ ही इस बात की पुष्टि की कि जिस फ्लैट में स्पा चल रहा था, उसकी मालकिन प्रियंका चोपड़ा की मां हैं। पुलिस ने प्रियंका को दी क्लीनचिट प्रियंका चोपड़ा को पुलिस ने क्लीनचिट दे दी है। पुलिस के अनुसार, प्रियंका इस बात से अनजान थीं कि उनकी प्रॉपर्टी में असामाजिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। कमर्शियल बिल्डिंग वास्तु प्रेसिनेट के सेकंड फ्लोर पर प्रियंका और उनकी मां डॉ. मधु चोपड़ा की तीन प्रॉपर्टीज हैं। दो-तीन साल पहले दोनों ने इन प्रॉपर्टीज में इन्वेस्टमेंट किया था। जिस प्रॉपर्टी में करिश्मा स्पा चल रहा था, वह प्रियंका की मां के नाम पर है और इसी से लगा हुआ उनका क्लिनिक (कस्तूरी पालीक्लिनिक) है। वर्सोवा पुलिस के अनुसार, थर्ड पार्टी अग्रीमेंट के आधार पर इस जगह का रजिस्ट्रेशन और स्टाम्प ड्यूटी फिलहाल माणिक सोनी के नाम पर है, जिनके देशभर में 16 से ज्यादा स्पा चल रहे हैं। इसलिए न तो प्रियंका और न ही उनकी मां किराए पर दी गई इस प्रॉपर्टी पर इस रेड के लिए जिम्मेदार हैं।