लोगों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता अभी कम नहीं हुई है। मोदी आज भी लोगों के चहेते बने हुए हैं। इस बात का खुलासा 'इंडिया टुडे और कार्वी इनसाइट्स' की ओर से कराए गए एक सर्वे में हुआ है। सर्वे से जाहिर होता है कि केंद्र में दो साल के शासन के बाद भी पीएम मोदी का जलवा आज भी लोगों पर बरकरार है। सर्वे के अनुसार यदि आज की तारीख में लोकसभा चुनाव कराए जाएं तो लोग मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाना पसंद करेंगे। सर्वे में शामिल 50 फीसदी लोगों ने पीएम मोदी का समर्थन किया जबकि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मोदी से काफी पीछे दिखाई दिए। राहुल को पीएम के रूप में मात्र 13 प्रतिशत लोगों ने पसंद किया। इसके बाद सोनिया गांधी और अरविंद केजरीवाल लोगों की पसंद बने। सर्वे में यह बात भी सामने आई कि मोदी की लोकप्रियता के आगे सरकार-विरोधी लहर भी दब जाएगी।