बिहार में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले जनता का मूड जानने के लिए एक सर्वे किया जिसमें एनडीए को पूर्ण बहुमत मिलता दिखाया गया है। सर्वे के मुताबिक भाजपा नीत एनडीए कम से कम 140 सीटें जीतेगी जबकि जद (यू)-राजद-कांग्रेस का महागठबंधन महज 70 सीटों पर सिमट सकता है। सर्वेक्षण में अनुमान जताया गया है कि भगवा गठबंधन को 50.8 फीसदी मत मिलेंगे जबकि नीतीश कुमार-लालू प्रसाद गठबंधन को 42.5 फीसदी मत मिलेंगे। सर्वे मेंं यह भी दावा किया गया है कि 41.2 फीसदी मुस्लिम राजग को मत दे रहे हैं। सर्वे में राजग को यादव मतदाताओं का भी महागठबंधन की तुलना में अधिक समर्थन मिल रहा है। सर्वे में बहुसंख्यक हिंदू वोटों को एनडीए के खाते में जाते हुए दिखाया है। 52.6 प्रतिशत हिंदू मतदाताओं का वोट एनडीए के पक्ष में जबकि 40.8 प्रतिशत महागठबंधन के पक्ष में पड़ते हुए दिखाया गया है। 6 फीसदी वोट अन्य पार्टियों के के खाते में जाते हुए दिखाया गया है। सर्वे में 47.8 प्रतिशत यादव वोटों को एनडीए के खाते में जाते हुए दिखाया गया है। जबकि, महागठबंधन के पक्ष में 47.5 फीसदी यादव वोट पड़ने की बात कही गई है। वहीं, अन्य पार्टियों के खाते में 4.7 प्रतिशत यादव वोट जाने की उम्मीद जताई है। बिहार में महिला मतदाताओं ने एनडीए पर भरोसा जताया है। 52 फीसदी महिला मतदाताओं ने सर्वे में एनडीए के पक्ष में मतदान करने की बात कही है। जबकि, 40.5 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने महागठबंधन को वोट देने की बात कही है। वहीं, 7.5 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अन्य पार्टियों के पक्ष में वोट डालने की बात कही है। सर्वे के मुताबिक एनडीए और महागठबंधन को क्रमश: 140 और 70 सीटें मिलेंगी और 33 विधानसभा सीटों पर कांटे की टक्कर है। मालूम हो कि राज्य में 12 अक्तूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। मतगणना आठ नवंबर को होगी।