एक्जिट पोल की मानें तो हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के नतीजों में भी मोदी लहर का पूर असर देखने को मिलेगा। महाराष्ट्र और हरियाणा में बीजेपी मोदी लहर के सहारे पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। महाराष्ट्र-हरियाणा में बीजेपी के स्टार प्रचारक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी ने 13 दिनों में ताबड़तोड़ 33 रैलियां कर भारतीय जनता पार्टी के लिए जनादेश मांगा था। हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को वोट डाले गए। महाराष्ट्र में जहां 64 फीसद मतदान हुआ है, वहीं हरियाणा में यह 76 फीसद का आंकड़ा पार कर गया है। 19 अक्टूबर को मतगणना के बाद चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। मतदान के बाद आ रहे एक्जिट पोल के अनुसार दोनों राज्यों में भाजपा सरकार बनने की संभावना है। न्यूज 24-टुडेज चाणक्य एक्जिट पोल के मुताबिक दोनों राज्यों में भाजपा स्पष्ट बहुमत हासिल कर सकती है। उधर टाइम्स नाउ-सी वोटर और एबीपी-नील्सन के सर्वेक्षणों में भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरते हुए दिखाया जा रहा है। यदि मतदान के नतीजे सर्वेक्षण के अनुरूप आते हैं तो दोनों ही राज्यों में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। जाहिर है कि इन चुनावों के बाद मोदी की सियासी लहर और मजबूत होगी। बता दें कि महाराष्ट्र और हरियाणा में वोटिंग प्रतिशत में भी बढ़ोत्तरी हुई है। दोनों ही राज्यों में बढ़े मतदान प्रतिशत से बीजेपी की उम्मीदें और जवां हो गई हैं। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पहले विधानसभा चुनाव के संभावित नतीजों ने केसरिया परिवार में अच्छे दिनों का माहौल बना दिया है।